अंगारेश्वर में शिवरात्रि पर दोपहर 2 बजे से
सेहरा शृंगार दर्शन, शाम 5 बजे महा आरती
आनंद पांचाल
- सुबह से फलाहारी खीर बंटेगी, 22 फरवरी की सुबह 9.30 बजे सेहरा उतरने के बाद शुरू होगी भातपूजा।
उज्जैन। मंगलनाथ मंदिर के पीछे शिप्रा किनारे स्थित प्रसिद्ध श्री अंगारेश्वर महादेव मंदिर में 21 फरवरी को शिवरात्रि महापर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। शृंंगार दर्शन, प्रसादी वितरण होगा। इस दौरान भातपूजा बंद रहेगी।
अंगारेश्वर महादेव मंदिर के शासकीय पुजारी पं. मनीष अर्जुन उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व पर महामंगल श्री अंगारेश्वर भगवान के श्रद्धालुओं को विशेष श्रृंगार के दर्शन होंगे। सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक फरियाली खीर की प्रसादी का वितरण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से भगवान के सेहरा श्रृंगार के दर्शन होंगे व शाम 5 बजे महाआरती की जाएगी। शिवरात्रि पर्व पर दिनभर मंदिर में पंचामृत, अभिषेक, भातपूजन आदि बंद रहेंगे। 22 फरवरी को भगवान श्री अंगारेश्वर का सुबह 9.30 बजे सेहरा शृंगार उतारा जाएगा। इसके पश्चात भगवान की नियमित आरती-पूजा व भातपूजा आदि प्रारंभ होंगेI