निगम अधिकारियों की बैठक में दिये महत्वपूर्ण दिशा निर्देश
उज्जैन: निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने निगम कन्ट्रोल रूम पर आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में शहर की वर्तमान स्थिति के साथ ही निगम से सम्बंधित विभिन्न कार्यो की समीक्षा की और अधिकारियों को शहर हित में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु निर्देशित किया।
आयुक्त श्री सिंघल ने कहा कि नगर निगम के जिम्मे जो नागरिक सेवाएं और जनहित के कार्य आते हैं उनका प्रत्यक्ष तथा परोक्ष सम्बंध शहर की कानून व्यवस्था से होता है। संवेदनशील परिस्थितियों और क्षैत्रों में निगम की जरा सी चूक भी हानिकारक हो सकती है। लिहाज़ा निगम अमले को अत्यन्त ही सूझबूझ के साथ कार्य करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।
आयुक्त ने कहा कि सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री तथा भवनों का मल्बा इत्यादि तत्काल उठाया जाकर झोनल अधिकारी यह प्रमाण पत्र दें कि उनके क्षैत्र में अब कहीं किसी भी सड़क या गली में किसी भी प्रकार का मटेरियल नहीं है। जो भवन स्वामी स्वयं मटेरियल नहीं उठाएं उनका मटेरियल निगम द्वारा उठाया जाकर नियमानुसार शुल्क वसूली की कार्यवाही की जाए। जो लोग विवाद करें उनके विरूद्ध कानूनी कार्यवाही की जाए।
आवारा मवेशियों और अतिक्रमण की समस्या का निदान भी सख्ती से किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी क्षैत्र मंे कहीं भी आवारा मवेशी दिखाई ना दें तथा सड़कों गलियों शासकीय जमीनों पर अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही कर शहर को इन समस्याओं से मुक्ति दिलाएं।
शहर की पथप्रकाश व्यवस्था का संधारण भी सुव्यवस्थित रूप से किया जाए। बन्द लाईटों को चालूू किये जाने के साथ ही जहां आवश्यक हो स्थाई अथवा अस्थाई प्रकाश व्यवस्था की जाए।
सफाई व्यवस्था अपने निर्धारित कार्यक्रम अनुसार जारी रखने के साथ ही त्यौहारों और मेलों के अवसरों पर विशेष सफाई व्यवस्था कराई जाए। रविवार को मीलादुन्नबी पर्व होने से सफाई कर्मियों को कार्य पर लगाया जाकर इसके बदले अन्य कार्य दिवस में उन्हें अवकाश का लाभ दिया जाए।
बिना अनुमति लगे समस्त फ्लेक्स होर्डिंग हटाए जाने की कार्यवाही युद्धस्तर पर की जाए और बिना किसी पक्षपात के समस्त होर्डिग्स हटाएं जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार के नए फ्लेक्स एवं होर्डिंग्स नहीं लगें। विशेषकर राजनीतिक या धार्मिक नफरत टकराहट पैदा करने वाले फ्लेक्स होर्डिंग्स हटाने की कार्यवाही प्राथमिकता से की जाए।
कानून व्यवस्था में सहयोग
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने कहा कि निगम अमले को जो कार्य करने के निर्देश दिये गए है उनका सम्बंध कानून व्यवस्था से भी है। हमें अपने दायित्वों का निष्पक्ष निर्वहन करते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना है। यदि किसी अधिकारी/कर्मचारी की लापरवाही या चूक के कारण कहीं कुछ अप्रिय होता है तो सम्बंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
कार्य पर गर्व हो
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने कहा कि निगम अधिकारी/कर्मचारी शहर के 6 लाख से अधिक नागरिकों की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लिहाजा आपको अपने कार्यो पर खुशी और गर्व होना चाहिए। और गर्व तभी होगा जब आप समर्पण भाव से शतप्रतिशत अच्छा कार्य करेंगे।
वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा प्रदान करें
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने कहा कि उच्च पदों पर आसीन वरिष्ठ अधिकारी मात्र मार्गदर्शन करते हैं जबकि कार्य अधिनस्थ अमला करता है। लिहाजा निगम के वरिष्ठ उच्च अधिकारियों को चाहिए कि वे अपने अधिनस्थ अमले को संरक्षण और सुरक्षा प्रदान करें। उन्हें अपेक्षित संसाधन उपलब्ध कराते हुए उनके प्रति सकारात्मक रहें।
मेले के आयोजनों को आज अन्तिम रूप दें
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने कहा कि कार्तिक मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कवि सम्मेलन, मुशायरे इत्यादि आयोजनों को अन्तिम रूप दें। यदि समितियों द्वारा 10 नवम्बर तक कार्यक्रम फायनल नहीं किये जाते हैं तो अब और अधिक प्रतीक्षा ना करते हुए अधिकारी अपने स्तर पर आयोजनों को अन्तिम रूप दें।
आदेश भी जारी किये
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने बैठक में निर्देश देने के साथ ही वर्तमान परिस्थितियों में निगम से सम्बंधित दायित्वों को पूर्ण करने के लिये एक आदेश जारी कर निगम अधिकारियों को पृथक पृथक जिम्मेदारियां सुपुर्द की है।
बैठक में अपर आयुक्त श्री मनोज पाठक, उपायुक्त श्री सुनील शाह, श्री संजेश गुप्ता, श्री योगेन्द्र पटेल, श्री भविष्य खोब्रागड़े, अधीक्षण यंत्री श्री आशोक राठौर, श्री धर्मेन्द्र वर्मा, कार्यपालन यंत्री श्री रामबाबू शर्मा, श्री अरूण जैन, स्वास्थ्य अधिकारी श्री धीरज मैना, श्री संजय कुलश्रेष्ठ, जनसम्पर्क अधिकारी श्री रईस निज़ामी के साथ ही समस्त झोनल अधिकारी, झोनल इंजिनियर तथा स्वास्थ्य निरीक्षक सम्मिलित रहे।
कानून व्यवस्था बनाए रखने में निगम अमला सहयोग करे - आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल